गोरखपुर। शहर में हॉट-स्पॉट का आंकड़ा दो सौ को पार कर गया है। एक्टिव हॉट-स्पॉट की संख्या 145 हो गई। यहां सोडियम हाइपो क्लोराइट के घोल से छिड़काव में नगर निगम प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम और फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों से सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम की तरफ से एक बार फिर सभी सरकारी कार्यालयों को सैनिटाइज कराया गया। नए बने हॉट-स्पॉट में नगर निगम की टीम ने लोगों को जागरूक भी किया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने बताया कि नगर निगम प्रशासन अपनी क्षमता से ज्यादा काम कर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने में जुटा हुआ है।
यांत्रिक कारखाने के 100 रेलकर्मी होम क्वारंटाइन
रेलवे यांत्रिक कारखाने में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। कारखाना प्रबंधन ने एहतियातन बोगी शॉप और वेल्डिंग शॉप के करीब 100 रेलकर्मियों को होम क्वारंटाइन करा दिया है। इन रेलकर्मियों की जांच भी कराई जाएगी।
दो दिन में 145 मरीज हुए होम आइसोलेट
होम आइसोलेशन की तरफ कोरोना मरीजों का झुकाव बढ़ रहा है। दो दिन में 145 मरीज होम आइसोलेट हुए हैं। हालांकि वे आरोग्य सेतु एप के जरिये अपनी रोज की स्थिति अपडेट कर रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम के संपर्क में बने हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को भी मिली राहत
होम आइसोलेशन के आदेश से मरीजों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी राहत मिली है। विभाग के पास लेवल-1 व लेवल-2 अस्पतालों की बड़ी कमी है। धीरे-धीरे बेड फुल होते जा रहे हैं। होम आइसोलेट होने की सुविधा उन्हें ही दी जा रही है जिनमें कोई लक्षण नहीं हैं। उनकी कंट्रोल रूम से रोज मॉनिटरिंग हो रही है, ताकि यदि किसी में लक्षण दिखे तो तत्काल लेवल-2 अस्पताल में भर्ती करा दिया जाए। कोरोना के सर्विलांस अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि घर पर रहे मरीजों की भी निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पडऩे पर उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
Comments