गोरखपुर में कोरोना से एक की मौत, पांच नए पॉजिटिव



  • बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती गोला के एक बुजुर्ग की मौत

  • पैथोलॉजी विभाग के कर्मचारी 55 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों विभागों में हड़कंप मच गया

  • फातिमा अस्पताल की 25 वर्षीय एक स्टॉफ नर्स और 31 वर्षीय युवक बीआरडी में लैब टेक्नीशियन भी संक्रमित

  • बीआरडी मेडिकल कॉलेज का एक, फातिमा हॉस्पिटल केे 2 कर्मचारी और शहर का रहने वाला एक व्यापारी भी संक्रमित 

  • सिटी मॉल के बगल में सुखसागर स्वीट के प्रोपराइटर 34 वर्षीय व्यापारी भी संक्रमित 



गोरखपुर। रविवार को पांच नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा एक कोरोना मरीज की मौत भी हो गई है। जिले में अब कोरोना से 13 की मौत हो चुकी है। संक्रमितों की संख्या 308 हो गई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने की है।


उन्होंने बताया कि संक्रमित मरीज शहर के आवास विकास कॉलोनी और एक फातिमा अस्पताल में एक-एक मरीज, एक गोला, एक पिपराइच, एक बाड़गो पाली का रहने वाला है। 


बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती गोला के एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। वहीं, शहर में पांच लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें बीआरडी मेडिकल कॉलेज का एक, फातिमा हॉस्पिटल केे 2 कर्मचारी और शहर का रहने वाला एक व्यापारी शामिल है।


संक्रमितों में शहर के फातिमा अस्पताल, आवास विकास कॉलोनी, गोला, पिपराइच और पाली के रहने वाले हैं। इसके बाद से जिले में मरीजों की संख्या 308 हो गई है। हालांकि इसमें 195 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 13 की मौत हो चुकी है। जबकि 100 लोगों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक पिपराइच के रमवापुर निवासी एक संक्रमित व्यक्ति के यहां देवरिया से एक 30 महिला रिश्तेदारी में आई थी। जांच के लिए उसका भी नमूना लिया गया था। रविवार को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा शहर के फातिमा अस्पताल की 25 वर्षीय एक स्टॉफ नर्स भी संक्रमित पाई गई है।
वहीं, पाली के बड़गो निवासी 31 वर्षीय युवक बीआरडी में लैब टेक्नीशियन है। जबकि गोला के गोपालपुर निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति बीआरडी के पैथोलॉजी विभाग में कर्मचारी हैं। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों विभागों में हड़कंप मच गया है। इनके अलावा शहर के शाहपुर के आवास विकास कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय मिठाई व्यापारी भी संक्रमित पाया गया है। बताया जाता है कि व्यापारी की सिटी मॉल के बगल में दुकान है। वह मिठाई की दुकान इस बीच खोले हुए भी था। ऐसे में आसपास के लोग डरे हुए हैं।
गोला के भर्रोह निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग दिल्ली से 21 जून को आए थे। वहां वह किसी दुकान पर गार्ड थे। गांव के सरकारी विद्यालय पर उन्हें क्वारंटीन किया गया था। इस बीच तबीयत खराब होने पर उसी दिन उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया।


जहां पर उनका नमूना जांच के लिए लिया गया। 22 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। रविवार को उनकी मौत हो गई। मौत के बाद कॉलेज प्रशासन ने शव को कोविड-19 के तहत पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को सौंप दिया है।  


शहर के फातिमा अस्पताल व आवास विकास कॉलोनी में मिलने वाले संक्रमितों के सभी इलाके सील कर दिए गए हैं। साथ ही सैनिटाइजेशन भी कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक अमला व पुलिस को पॉजिटिव की सूचना मिलते ही फातिमा अस्पताल व शाहपुर पहुंच गए। 250 मीटर परिधि क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन तथा 500 मीटर की परिधि क्षेत्र को बफर जोन घोषित करते हुए सील कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है।


सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि सील इलाकों में संक्रमितों मिले मरीजों के परिवार की कोरोना जांच कराई जाएगी। उनके संपर्क वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। बताया कि बाहर के भी एक-एक व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच होगी, लक्षण दिखने पर उनकी भी कोरोना जांच कराई जाएगी।


 


Comments